चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में स्थानीय तहसील के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। इस दौरान तमाम लोगों ने शिकायत पत्र दिया जिस पर जिलाधिकारी ने मातहतों को मौका—मुआयना करते हुये समस्या के निस्तारण का निर्देश दिया। साथ ही प्राप्त अन्य प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारीगण को अग्रसारित करते हुये निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाय तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलम्ब न होने पाये।
जिलाधिकारी के समक्ष भूमि विवाद से संबंधित अधिक प्रकरण प्राप्त होने पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण नियमानुसार एवं मेरिट के आधार पर किया जाए। उन्होंने धारा-24 के अंतर्गत 3 से 5 वर्ष से लंबित पुराने वादों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने तथा धारा-116 एवं धारा-34 के प्रकरणों की पेन्डेन्सी को समाप्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्विवाद वरासत के मामलों में निर्धारित समयावधि के भीतर वरासत दर्ज करने के निर्देश दिये। साथ ही आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बरसात के कारण खराब हुई सड़कों को तत्काल मोटरेबल कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही बरसात के बाद सड़कों पर शीघ्रातिशीघ्र ब्लैक टॉप कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। तहसील परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन्म, आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 189 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी शाहंगज अकुर वर्मा, क्षेत्राधिकारी शाहंगज सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसी प्रकार जनपद के अन्य तहसील में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
.jpg)







