प्रमोद जायसवाल
जौनपुर। मानव सेवा के प्रति समर्पित सामाजिक व आध्यात्मिक संस्था श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। सुबह रामरायपट्टी स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह की शाखा से प्रभातफेरी निकाली गई जो पूरे शहर का भ्रमण करते हुए पुन: शाखा परिसर में समाप्त हुई। प्रभातफेरी में शामिल लोग अघोरेश्वर महाप्रभु, गुरूपद बाबा संभव राम व मां सर्वेश्वरी के जयकारे लगाते चल रहे थे। फूलों से सुसज्जित रथ पर अघोरेश्वर महाप्रभु की दिव्य तस्वीर विराजमान थी। महाप्रभु एवं सर्वेश्वरी समूह के जयकारे से परिवेश गुंजायमान हो उठा।
शाखा परिसर में आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते मुख्य अतिथि पूर्व जिला जज वीएन सिंह ने कहा कि अघोरेश्वर महाप्रभु ने असहाय एवं उपेक्षित लोगों की सेवा, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन आदि के लिए श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना की थी। समूह के अध्यक्ष गुरुपद बाबा की देख—रेख में संस्था निस्वार्थ भाव से मानव सेवा तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक उत्थान में लगा हुआ है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व प्राचार्य डॉ समर बहादुर सिंह एवं पूर्व जिला जज उमाकांत यादव ने कहा कि अघोरेश्वर महाप्रभु मानवता की सेवा को सबसे बड़ा धर्म मानते थे। अध्यक्षता कर रहे विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह मानव कल्याण के उन्नीस सूत्रीय कार्यक्रमों के लिए जाना जाता है। अघोरेश्वर महाप्रभु की प्रेरणा से श्री सर्वेश्वरी समूह कुष्ठ रोगियों की सेवा सहित मानव सेवा के अनेक कीर्तिमान स्थापित किये हैं।
शाखा मंत्री डॉ अरविंद सिंह, डॉ धनंजय सिंह, सभा नारायण चौबे, डॉ तेज प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह, पूर्व आडिटर अरविंद सिंह, विनोद सिंह, अजीत प्रताप सिंह आदि वक्ताओं ने भी श्री सर्वेश्वरी समूह के कार्यक्रमों तथा स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके पहले पुजारी तेज बहादुर सिंह ने सफल योनि का पाठ किया। मुख्य अतिथि ने सर्वेश्वरी ध्वज का पूजन किया जिसके बाद मंगलाचरण नीरज अग्रहरि, मोनिका सिंह एवं श्वेता सिंह ने प्रस्तुत किया। संचालन ब्रजभूषण सिंह एडवोकेट तथा आभार पूर्व व्यवस्थापक ओम प्रकाश सिंह ने ज्ञापित किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, गिरीश चंद्र सिंह, राजेश प्रताप सिंह, सतेन्द्र बहादुर सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, शिवपूजन सिंह, रमेश सिंह, प्रदीप सिंह, विकास सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित थे।
.jpg)







