दुकान बन्द करके घर के लिये निकला था मृतक
देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने शुरू की तलाश
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कलापुर गांव के पास शारदा सहायक नहर के समीप रविवार सुबह धान के खेत में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आस—पास के लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान विनोद कुमार गौतम (43) पुत्र नंद लाल गौतम निवासी कबीरुद्दीनपुर थाना खुटहन के रूप में हुई। वह खेतासराय थाना क्षेत्र के एत्मादपुर गांव में बाल काटने का सैलून चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार शनिवार की शाम विनोद रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौटने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। काफी देर इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात में कोई सुराग नहीं मिलने पर रविवार सुबह भी खोजबीन जारी रही। इसी दौरान कलापुर गांव के पास शारदा सहायक नहर के समीप धान के खेत में उसका शव पड़ा होने की जानकारी मिली।
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
.jpg)








