गाड़ियों की लगी लम्बी कतार, आवागमन बाधित
राकेश शर्मा
खेतासराय, जाौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के तिघरा-खुटहन मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे ऋषि तालाब के पास तकनीकी खराबी के चलते एक ट्रक बीच सड़क पर बंद हो गया। ट्रक के बीच रास्ते में खड़े होने से पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते जाम खेतासराय मुख्य चौराहे तक पहुंच गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक राम लल्लन ट्रक में राखड़ (राख) लादकर निर्माणाधीन हाईवे बाईपास मैनुद्दीनपुर के पास राख गिराने जा रहा था। ऋषि तालाब के पास पहुंचते ही अचानक ट्रक का सापट टूट गया। इससे ट्रक बीच सड़क पर ही रुक गया और आवागमन प्रभावित हो गया। ट्रक के पीछे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने लगी। हालांकि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
लोगों के अनुसार काफी मशक्कत के बाद ट्रक को ठीक किया गया जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। इस दौरान कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
.jpg)






