Jaunpur News: डीडीएस के बच्चों को स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया गया जागरूक

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: डीडीएस के बच्चों को स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया गया जागरूक


अंकित जायसवाल

जौनपुर। डीडीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में आयोजित प्रेरणा एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच, लक्ष्य के प्रति समर्पण एवं निरंतर परिश्रम के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश हेल्थ एंड वेलफेयर प्रमोशन ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

श्री यादव ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही कहा कि आज का युवा यदि शिक्षा के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक रहेगा तो वह समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि समय पर जांच, जागरूकता और चिकित्सकीय सलाह के माध्यम से इन बीमारियों की पहचान एवं उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं समाज की महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी शुरुआती संकेतों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करें।

श्री यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश हेल्थ एंड वेलफेयर प्रमोशन ट्रस्ट प्रदेशभर में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एचआईवी सहित विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर जनजागरूकता अभियान चला रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए “बेस्ट परफारमर ऑफ द डे” सम्मान भी प्रदान किया गया।

नैंसी एवं इब्राहिम को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मुख्य अतिथि दिनेश यादव ने सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने पर दोनों विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और उपस्थित विद्यार्थियों ने उनका उत्साहवर्धन किया। अंत में संस्थान की प्रबंधक मिस आरती सिंह ने मुख्य अतिथि दिनेश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। साथ ही कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का महत्वपूर्ण आधार है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुये स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संकल्प के साथ हुआ।

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!