अयोध्या के सुदामा पहलवान ने मारी बाजी
धर्मेन्द्र कुमार
रामनगर, जौनपुर। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के रायपुर गांव में सोमवार को भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले दंगल में पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले हुए। कुश्ती का रोमांच देखने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण रायपुर पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
कुम्भापुर गांव निवासी विमल तिवारी सहित समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। कई रोमांचक मुकाबलों के बाद अयोध्या जनपद के सुदामा पहलवान पुत्र लालजी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी अपने नाम की। विजेता सुदामा पहलवान को आयोजकों की ओर से 1 लाख 50 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दंगल के आयोजक विमल तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देने तथा युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से इस आयोजन को कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृपाशंकर तिवारी (विद्या) एवं देवी तिवारी ने किया। दंगल का शुभारंभ कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनित सिंह एवं भूपेश पाण्डे ने किया जबकि समापन सपा नेता राजवीर यादव ने किया।
इस अवसर पर प्रधानपति सुभाष चंद्र प्रजापति, प्रेमशंकर तिवारी उर्फ विद्या, राजनाथ पाठक, सोमनाथ पाठक समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। दंगल के सफल आयोजन से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। अंत में आयोजकों ने सभी पहलवानों, सहयोगियों, ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
.jpg)







