जिलाधिकारी ने दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई जहां जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। बैठक में जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाया जाय।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान मुगंराबादशाहपुर, सुजानगंज और मछलीशहर ब्लॉक में लाभार्थियों के भुगतान में ब्लॉक अकाउंट मैनेजर स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति होने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रसव संबंधी सेवाओं में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही भर्ती मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर के भीतर एंबुलेंस की पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा सभी एंबुलेंस के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अंतर्विभागीय अधिकारी अभियान के अंतर्गत अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित गतिविधियों की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित की जाय।
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि छूटे हुए बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाय। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद को मार्च 2027 तक टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किये जायं तथा टीबी रोगियों की पहचान, जांच एवं उपचार की नियमित समीक्षा की जाय।
आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करते हुये उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं, वैक्सीन एवं इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में जिला होम्योपैथिक अधिकारी तथा जिला आयुर्वेद अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये निर्देशित किया कि जनपद में योग एवं वेलनेस सेंटर पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाय।
महिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट के क्रियाशील न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने दवाओं की उपलब्धता, जांच एवं उपचार की स्थिति तथा चिन्हित मरीजों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त किया। साथ ही महिला अस्पताल में किए जा रहे कार्यों पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए की सिटी स्कैन्स मशीन पूर्णत क्रियाशील रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाये। साथ ही सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर आवश्यक दवाएं, वैक्सीन एवं इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने तथा मोर्चरी को सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगा राम गौतम, डा. अरूण यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)







