कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न
शुभांशू जायसवाल/विरेन्द्र यादव
जौनपुर। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। ABVP के यश डबास अध्यक्ष, रिया छावड़ी सचिव तथा लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। इस जीत को लेकर देश भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में ABVP कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने उत्साह व्यक्त किया।
इसी क्रम में सोमवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने विजय जुलूस निकालकर खुशी मनाई। विभाग संयोजक शानू सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में तमाम विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता शामिल हुये। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में विजय जुलूस निकाला जो पूविवि परिसर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मुख्य द्वार तक पहुंचा।
मुख्य द्वार पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर DUSU चुनाव में ABVP के विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुये छात्र शक्ति की एकजुटता और छात्र हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया।
इसी क्रम में विभाग संयोजक ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने छात्र हितों, शैक्षणिक सुविधाओं, परिसर की समस्याओं और विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को महत्व देते हुए अपना जनादेश दिया है। DUSU चुनाव में ABVP की तीन पदों पर जीत विद्यार्थियों के बीच संगठन की सक्रियता और छात्र मुद्दों को लेकर किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। विद्यार्थी परिषद देशभर के परिसरों में विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
जिला संयोजक हर्ष सिंह ने कहा कि देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए विद्यार्थी परिषद आगे भी सक्रिय भूमिका निभाएगी। विश्वविद्यालय परिसरों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और छात्र हितों की आवाज को मजबूत करने के लिए संगठन निरंतर प्रयास करता रहेगा।
विजय जुलूस के दौरान विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुये छात्र हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर विभाग संयोजक शानू सिंह, जिला संयोजक हर्ष सिंह, हर्ष साहू, एकांश मिश्रा, अनूप सिंह, आकाश, प्रिंस, युवांग, अमित, अंकित सहित सैकड़ों छात्र, छात्राए, कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे।
.jpg)







