विधि-विधान से हुआ पूजन-अर्चन
प्रतिष्ठानों एवं कारखानों में सजी रही पूजा की चौकी
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। विश्वकर्मा जयंती पर स्थानीय कस्बे सहित आस—पास के ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान विश्वकर्मा की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई। शिल्प, निर्माण और तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों, कारखानों, वर्कशॉप और दुकानों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा व चित्र स्थापित कर विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा।
मान्यता है कि भगवान विश्वकर्मा को शिल्पकला, वास्तुकला और निर्माण का देवता माना जाता है। विश्वकर्मा जयंती पर विशेष रूप से मशीनरी, औजारों, वाहनों तथा निर्माण कार्य में प्रयुक्त उपकरणों की पूजा की जाती है। इसी परंपरा के तहत नगर उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा के संजय इंजीनियरिंग वर्कशॉप, अम्बिका बेकर्स पर विशाल मोदनवाल, जायसवाल मशीनरी पर अमित जायसवाल समेत क्षेत्र के लोहार, बढ़ई, इलेक्ट्रिशियन, मोटर मैकेनिक, वेल्डिंग वर्कशॉप, मशीनरी संचालक सहित विभिन्न तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों पर पूजा-अर्चना किया।
पूजन के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई कर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा को फूल-मालाओं से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन, हवन और आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन कर लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से कारोबार में उन्नति, मशीनों की सुरक्षा और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना किया।
.jpg)







