राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। बंगलूरू में पेंटिंग का काम करने वाले युवक की हादसे में मौत के बाद सोमवार को शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। जमीन रुधौली गांव निवासी पंकज बिंद (28) करीब एक सप्ताह पहले पेंटिंग करते समय बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। ग्राम पंचायत जमीन रुधौली निवासी दुर्बली बिंद का पुत्र पंकज बंगलूरू में रहकर पेंटिंग का काम करता था। 8 सितंबर को काम के दौरान वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया था। हादसे के बाद रिश्तेदारों सहित आस—पास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी मिलने पर उसका बड़ा भाई केशव बिंद भी बंगलूरू पहुंच गया। शनिवार को उपचार के दौरान पंकज ने दम तोड़ दिया। परिवार को उसकी मौत की जानकारी नहीं दी गई थी। केशव जब शव लेकर घर के लिए रवाना हुआ तब परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। पत्नी अनीता और मां निर्मला का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पंकज की डेढ़ वर्ष की बेटी अर्चिता के सिर से भी पिता का साया उठ गया। दोपहर बाद सुतौली घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया जहां पिता ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
.jpg)








