दिनदहाड़े महिला का सिर कूंचकर की गयी हत्या
नये मकान में दरवाजा लगवाने गयी थी गुड़िया
बेटों के अहमदाबाद एवं पति के विदेश में होने से उठे सवाल
बृजेश यादव
खुटहन, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के पनौली गांव में दिनदहाड़े एक महिला की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला नए मकान में दरवाजा लगवाने के लिए गई थी। कुछ देर बाद उसके सिर में गंभीर चोट लगने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो वह मृत पड़ी मिली।
मृतका की पहचान गुड़िया (50), पत्नी मुख्तार अंसारी निवासी पनौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुड़िया अपने नए मकान पर दरवाजा लगवाने के लिए गई थी और मिस्त्री के आने का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे परिजनों को उसके गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो गुड़िया की मौत हो चुकी थी। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से सिर पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
बताया जा रहा है कि गुड़िया घर पर अपनी दो बेटियों के साथ रहती थी जबकि उसके दो बेटे रोजी-रोजगार के सिलसिले में अहमदाबाद में रहते हैं। पति मुख्तार अंसारी विदेश में नौकरी करते हैं और वहीं से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में दिनदहाड़े महिला की हत्या ने ग्रामीणों के साथ-साथ परिजनों को भी झकझोर दिया है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद बेटियों ने अपने भाइयों के आने तक शव ले जाने से रोकने की बात कही। उनका कहना था कि पहले उनके भाई अहमदाबाद से आ जाएं, उसके बाद शव ले जाया जाय। इधर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई है। परिजनों की भावनाओं और घटना की गंभीरता के बीच यह मामला अब कई सवाल खड़े कर रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर महिला की हत्या किसने की और हत्या के पीछे वजह क्या थी? पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारण और संदिग्धों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कानूनी जांच का अहम हिस्सा है लेकिन परिजनों और ग्रामीणों की निगाह अब पुलिस की जांच पर टिकी है कि क्या पुलिस जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर हत्यारे तक पहुंच पाएगी?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पनौली गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह से बात करने पर कहा कि हत्या हुई है। फिल्हाल अनावरण अति शीघ्र होगा।
.jpg)






