जौनपुर। समाजसेवी सुभाष चंद्र यादव की तृतीय पुण्य स्मृति पर सोमवार को नगर के नईगंज स्थित दुर्गा सिटी हॉस्पिटल एण्ड ट्रॉमा सेंटर में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप लगा। यह विशेष आयोजन डॉ. आलोक यादव के नेतृत्व में हुआ जहां तमाम लोगों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुये 55 लोगों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम में जोनल ब्लड बैंक ऑफिसर डॉ. विशाल सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जिन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विशेष आयोजक डॉ. आलोक यादव ने बताया कि सुभाष चंद्र यादव की पुण्य स्मृति को समाजसेवा से जोड़ते हुये रक्तदान शिविर लगा। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों और कार्यक्रम में सहयोग देने वाली टीम के प्रति आभार जताया।
शिविर में डॉ. स्वाति यादव, डॉ. रवि सिंह, डॉ. पुनीत सिंह, डॉ. संजय यादव, अभिषेक गुप्ता, प्रमित सिंह, राहुल प्रजापति, रतन लाल यादव सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। इस अवसर पर डॉ. बीएन दुबे, राहुल यादव, रोहित यादव, जसविंदर, नागेंद्र, सर्वेश यादव, किशन सहित अन्य तमाम लोग मौजूद रहे।
आईएमए टीम के सहयोग से रक्तदान कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आगे भी आयोजित किये जायेंगे।
.jpg)







