गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट
खुले आसमान के नीचे आये पीड़ित
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के हड़ही गांव में 3 दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के चलते शनिवार की रात अलग-अलग स्थानों पर 3 कच्चे मकान भरभराकर गिर गये। मकान गिरने की आवाज सुनकर आस—पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान परिजन किसी तरह मलबे की चपेट में आने से बच गये। हालांकि मकान गिरने से विनोद कुमार घायल हो गए। उन्हें परिजनों ने निजी चिकित्सक के यहां ले जाकर उपचार कराया।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी विनोद कुमार व अमरासी पत्नी स्व0 शिवराम और विरेंन्द्र गौतम के कच्चे मकान लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गए थे। शनिवार की रात अचानक तीनों मकान भरभराकर धराशायी हो गए। मकान गिरने के बाद घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई सहित अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। अचानक हुए हादसे से तीनों परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
मकान गिरने के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। लगातार बारिश होने के कारण मलबे में दबे सामान को सुरक्षित निकालना भी मुश्किल हो रहा है। परिवार के लोगों का कहना है कि कच्चे मकान में रहकर किसी तरह बारिश के दिनों को काट रहे थे लेकिन लगातार हो रही बारिश ने मकान की नींव और दीवारों को कमजोर कर दिया। शनिवार की रात अचानक मकान गिरने से उनकी वर्षों की गृहस्थी प्रभावित हो गई।
हादसे में विनोद कुमार को चोट लगने के बाद परिजनों ने तत्काल निजी चिकित्सक के यहां पहुंचकर उनका उपचार कराया। घटना की जानकारी परिजनों ने ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलने पर प्रधान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी योजना के तहत पक्का आवास दिलाने की मांग किया है।
.jpg)









