सोगर, देवकली और मनिया पावर हाउस से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर।। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में हो रही भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज हवा के चलते जगह-जगह पेड़ बिजली के तारों पर गिर गये जिससे कई बिजली के खंभे टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण कयार, देवकली और मनिया पावर हाउस से सप्लाई होने वाले सैकड़ों गांवों में 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त लाइनों और टूटे खंभों को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार से क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है। तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर बिजली की लाइनों पर जा गिरे। पेड़ों के गिरने से बिजली के तार टूटने के साथ ही कई खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गये। अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है।
कयार चौराहा पर आम का पेड़ गिरने से टूटा खम्भा
कयार चौराहा के पास बिजली की मुख्य लाइन पर शनिवार को आम का विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने के कारण बिजली के खंभे टूट गए और तार जमीन पर गिर गए। इसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली विभाग को सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मरम्मत कार्य शुरू किया। कयार, खलीलपुर, भदेठी समेत आस—पास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरों में पंखे, कूलर, पानी की मोटर सहित अन्य बिजली उपकरण बंद पड़े हैं। लंबे समय तक बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
देवकली पावर हाउस से जुड़े गांव भी प्रभावित
उधर देवकली पावर हाउस से सप्लाई होने वाली बिजली लाइन भी आंधी और बारिश के कारण प्रभावित हुई है। समसपुर पनियरिया गांव के पास बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से यहां भी 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति बाधित बताई जा रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण जंगीपुर, पनियरिया, भकुरा, खम्हौरा हरिहरपुर, गड़ैला समेत आस—पास के कई गांवों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली गुल रहने से घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
मनिया पावर हाउस से जुड़े दर्जनों गांवों में भी बिजली गुल
इसी तरह मनिया पावर हाउस से सप्लाई होने वाले दर्जनों गांव भी पिछले 24 घंटे से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। आंधी और बारिश के कारण बिजली की लाइन में आई खराबी से इटौरी, जमुहाई, चकमा, धौरइल, बशीरपुर, भरोठा, करौदी, सोनिकपुर, हडही समेत आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
युद्ध स्तर पर मरम्मत में जुटा बिजली विभाग
लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के कारण बिजली विभाग के कर्मचारियों को बिजली सप्लाई करने में मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बिजली विभाग बिजली सप्लाई चालू करने के लिए युद्ध स्तर से कार्य कर रहे हैं लेकिन खबर लिखे जाने तक बिजली सप्लाई नहीं चालू हो सकी है।
.jpg)








