फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
फतेहगंज, जौनपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से शनिवार को श्री कृष्णा इण्टर कॉलेज मीरगंज परिसर में श्री बांके बिहारी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधरोपण से हुई। इस दौरान आम, अमरूद, बादाम सहित कई उपयोगी एवं पर्यावरण के लिये लाभदायक पौधे लगाये गये। पौधारोपण के साथ ही उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेते हुये कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना और वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
ट्रस्ट के संस्थापक/अध्यक्ष बिहारी लाल यादव ने कहा कि वर्तमान में बढ़ते वातावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते वन क्षेत्र को देखते हुए वृक्षारोपण एक सामाजिक अभियान बन चुका है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। ट्रस्ट आगे भी समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अनुरुद्ध यादव, प्रबन्धक सचिव राकेश यादव एवं सचिव राजीव यादव ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। वृक्ष न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूजल संरक्षण, जैव विविधता बढ़ाने और प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपने घर, विद्यालय, खेत और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील किया।
प्रधानाचार्य डा. ईश्वर लाल यादव ने ट्रस्ट के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुये कहा कि विद्यार्थीयों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे भविष्य में बच्चों को स्वच्छ वातावरण के साथ प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा देंगे। विद्यालय परिवार इन पौधों की नियमित देखभाल करेगा ताकि यह अभियान सफल और स्थायी बन सके।
इस अवसर पर संतोष प्रजापति, अंकित सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. ईश्वर लाल यादव, रमापति जी, रमेश चन्द्र यादव, यशवंत राम, विजय यादव, योगराज यादव, डा. सुनील सिंह, महेश पाल, राम शरण यादव, अमित मौर्य, विनोद यादव, अरविन्द यादव, नीलम यादव, राज बहादुर यादव सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
.jpg)










