क्षेत्रवासियों ने मड़ियाहूं विधायक डा. आरके पटेल का जताया आभार
नेवढ़िया, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सिंहोरीबीर स्थित जमालापुर–बाबतपुर मार्ग पर पूर्व मंत्री वंश नारायण सिंह पटेल की स्मृति में भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कराया गया। यह स्मृति द्वार मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल की विधायक निधि से स्थापित किया गया जिसका उद्देश्य क्षेत्र के लोकप्रिय दिवंगत जननेता के योगदान को चिरस्थायी सम्मान देना है। स्मृति द्वार के निर्माण से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्व पटेल ने अपने सार्वजनिक जीवन में क्षेत्र के विकास, किसानों और आम जनता के हितों के लिए उल्लेखनीय कार्य किए थे। उनके सम्मान में बनाया गया यह स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की याद दिलाता रहेगा। क्षेत्रवासियों ने विधायक डॉ. पटेल के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने पूर्वज नेताओं के योगदान को सम्मानित करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। लोगों का मानना है कि यह केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि क्षेत्र के गौरवशाली राजनीतिक इतिहास का प्रतीक भी है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि स्मृति द्वार से मार्ग की पहचान भी और अधिक सुदृढ़ होगी तथा बाहर से आने वाले लोगों को भी पूर्व मंत्री स्व. पटेल के योगदान की जानकारी मिलेगी। लोगों ने विधायक डॉ. पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जतायी कि वे आगे भी क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता देते रहेंगे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल को दिवंगत नेता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुये इसे जनभावनाओं का सम्मान करार दिया।
.jpg)






