चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कस्बे से सटे अखंडनगर में स्थित अखंडनगर ब्लॉक के शिवधाम बेलवाई में श्री भुवनेश्वरनाथ महादेव मंदिर सावन के दूसरे दिन आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा। मध्य रात्रि से ही हजारों शिवभक्तों और कांवरियों ने “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के बीच स्वयंभू शिवलिंग का जलाभिषेक किया।
काशी और अयोध्या के मध्य स्थित यह प्राचीन धार्मिक स्थल चार जनपदों— आजमगढ़, जौनपुर, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर—की सीमाओं को स्पर्श करता है। सावन माह में यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन और जलाभिषेक करते हैं।
मंदिर के पुजारी चंद्रेश गिरी ने बताया कि सावन माह में सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, आजमगढ़ सहित कई जनपदों से श्रद्धालु और कांवरिए पवित्र गंगाजल लेकर भगवान श्री भुवनेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना भगवान भोलेनाथ अवश्य पूर्ण करते हैं। हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता शिवधाम बेलवाई एक बार फिर सावन की भक्ति, सेवा और आस्था का अद्भुत संगम बना हुआ है।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रात्रि से ही चौकी प्रभारी सुखदेव यादव हमराहियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। शिव सरोवर में नशे की हालत में स्नान कर रहे कई कांवरियों को पुलिस ने रोककर सकुशल सरोवर से बाहर निकाला तथा उन्हें सावधानी बरतने की हिदायत दी।
बिछड़ी ढाई वर्षीय बच्ची को परिवार से मिलाया
मेले के दौरान फूलपुर आजमगढ़ निवासी अशोक कुमार की करीब ढाई वर्षीय पुत्री पीहू परिवार से बिछड़ गई। देवदीप मानव उत्थान सेवा समिति, शिवधाम बेलवाई के स्वयंसेवक श्री राजकमल ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को खोजकर उसके परिजनों से मिलाया। इस सराहनीय कार्य की श्रद्धालुओं ने प्रशंसा किया।
अगले सोमवार को उमड़ेगा और बड़ा जनसैलाब
पूर्व प्रधान दिलीप मोदनवाल ने बताया कि अगला सोमवार नाग पंचमी पर पड़ रहा है। नाग पंचमी की पूर्व संध्या पर रविवार को ही अयोध्या से पवित्र सरयू जल लेकर विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कांवरिए शिव धाम बेलवाई पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद कांवरिए भोर में बाबा का जलाभिषेक करेंगे।
.jpg)






