Jaunpur News: खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा प्रहार


गौहानी के किसान बीज भण्डार का लाइसेंस निरस्त

डीएम के निर्देश पर जिले भर में हुई ताबड़तोड़ छापेमारी

3 प्रतिष्ठानों को दिया गया कारण बताओ नोटिस

सहकारी समितियों व निजी उर्वरक दुकानों की हुई जांच

किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के दिये गये निर्देश

Jaunpur News: सौरभ सिंह

जौनपुर। खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को कृषि विभाग की टीमों ने जिलेभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। मछलीशहर, पवारा, मुंगराबादशाहपुर, मधुपुर और सुजानगंज क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों एवं लाइसेंसधारी निजी उर्वरक दुकानों की औचक जांच से उर्वरक कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों ने स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, वितरण व्यवस्था और अभिलेखों का गहन सत्यापन किया। जांच के दौरान पवारा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गौहानी स्थित किसान बीज भंडार में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को खाद की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। इसके अलावा पंजाब बीज भंडार, सुजानगंज, पटेल खाद एवं बीज भंडार, चका चौराहा (गोविंदसपुर) तथा मौर्या बीज भंडार, नागौली (सुजानगंज) में अभिलेखों एवं वितरण व्यवस्था में कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबन अथवा अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी।टीम ने साधन सहकारी समिति, गोरियाडीह (मुंगराबादशाहपुर) का भी निरीक्षण किया। यहां किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक का वितरण होता मिला। अधिकारियों ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया, वितरण रजिस्टर का मिलान किया तथा किसानों से बातचीत कर उपलब्धता की जानकारी लिया। निरीक्षण में समिति की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना है। किसी भी स्तर पर जमाखोरी, कालाबाजारी, ओवररेटिंग या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लाइसेंसधारी विक्रेताओं को स्टॉक एवं बिक्री का विवरण नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिये।

अभियान के दौरान अपर जिला कृषि अधिकारी रविंद्र पाल, इफको प्रतिनिधि अजीत यादव सहित कृषि विभाग की टीम मौजूद रही।


ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!