एक माह में यह है दूसरी घटना
कुत्तों के झुण्ड ने 8 वर्षीय बच्चे को बनाया निशाना
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आये दिन कुत्तों के हमले में मासूमों और राहगीरों के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। करीब एक माह पहले शाहापुर गांव में ही आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था जिसका इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में उपचार कराया गया था। वहीं उसी गांव में कुत्तों के झुंड ने एक बार फिर 8 वर्षीय मासूम को अपना निशाना बना लिया जिससे घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शाहापुर गांव निवासी बीर बहादुर बिन्द का पुत्र ऋषभ दोपहर घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान उसने घर के पास ताल की ओर पतंग गिरती देखी पतंग लेने के लिए वह वहां पहुंचा तभी पहले से मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले गये जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले 8 जुलाई को भी इसी गांव के शिवांश पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसका वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में उपचार कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इनके झुंड आये दिन लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग किया है।
.jpg)






