Jaunpur News: जनसेवा की अनूठी मिशाल

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: जनसेवा की अनूठी मिशाल




निजी धन से शौचालय बनवाना सेवा भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण: सांसद

51 परिवारों को शौचालय व अंगवस्त्र देकर प्रधान ने पेश की सेवा की मिसाल

विधायक तूफानी सरोज व सांसद प्रिया सरोज ने इस पहल को सराहा

विनोद कुमार

केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बसगीत गांव में स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डू ने जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश किया। उन्होंने गांव के जरूरतमंद 51 परिवारों को खुले में शौच की समस्या से निजात दिलाने के लिए अपनी निजी धनराशि से शौचालयों का निर्माण कराया और स्वतंत्रता दिवस पर उन्हें संबंधित परिवारों को समर्पित किया। साथ ही जरूरतमंद परिवारों को अंगवस्त्र भी वितरित किये गये। कार्यक्रम में गांव में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में 100 से अधिक ग्रामीणों के साथ आस—पास के गांवों के ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। शौचालयों के लोकार्पण के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छता, महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

25 लाख की निजी धनराशि खर्च कर निर्माण कराया 51 शौचालय

ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डू ने बताया कि गांव के जरूरतमंद परिवारों, विशेषकर महिलाओं को खुले में शौच की परेशानी से निजात दिलाने और गांव में स्वच्छ वातावरण कायम करने के उद्देश्य से करीब 25 लाख रुपये की निजी धनराशि खर्च कर 51 शौचालयों का निर्माण कराया गया है। स्वतंत्रता दिवस पर केराकत विधायक तूफानी सरोज और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने फीता काटकर शौचालयों का लोकार्पण किया। साथ ही कहा कि सरकार स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को बढ़ावा दे रही है लेकिन उनका प्रयास है कि गांव का कोई भी जरूरतमंद परिवार शौचालय की सुविधा से वंचित न रहे। शौचालय केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन से जुड़ा विषय है। इसी सोच के साथ उन्होंने सरकारी सहायता का इंतजार किए बिना निजी धन से शौचालय निर्माण कराने का निर्णय लिया।

सांसद/विधायक ने की प्रधान के पहल की सराहना

कार्यक्रम में मौजूद विधायक तूफानी सरोज और सांसद प्रिया सरोज ने ग्राम प्रधान के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। निजी धन से बड़ी संख्या में परिवारों के लिए शौचालय बनवाना सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण है। ऐसी पहल से स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलने के साथ ही अन्य लोगों को भी जनहित के कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

स्वतंत्रता दिवस पर किया गया यह कार्य लम्बे समय तक रहेगा याद: ग्रामीण

ग्रामीणों ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए शौचालय उपलब्ध कराना ग्राम प्रधान की सराहनीय पहल है। इससे खासकर महिलाओं को काफी राहत मिलेगी। स्वतंत्रता दिवस पर किया गया यह जनहित का कार्य लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस अवसर पर भगवती सरोज, संजय यादव, राकेश यादव, विजय बहादुर यादव, अशोक यादव, राम समुझ यादव सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ स्वच्छता और जनसेवा का संदेश देने वाला यह कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।


ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!