जौनपुर-भदोही सीमा पर घण्टों उलझा रहा मामला
सोनू गुप्ता
रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के विजय गिर पोखरा, पचौली के पास बरूना नदी में गुरुवार को करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन घटनास्थल जौनपुर और भदोही जिले की सीमा से सटा होने के कारण शव किस थाना क्षेत्र में है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। सीमा विवाद के चलते राजस्व विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। राजस्व टीम की पैमाइश के बाद घटनास्थल जौनपुर जिले की सीमा में पाया गया।
इसके बाद रामपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक ने सफेद रंग की शर्ट और जींस पहन रखी थी। खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आस—पास के थानों और क्षेत्रों में सूचना देकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
.jpg)





