जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई जहां उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की बिन्दुवार समीक्षा करते हुये अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत जनपद में एक भी आवेदन जललम्बित न रहे। पात्र किसानों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों के बीच, गांव—गांव, भीड़ भाड़ वाले बजारों में एलईडी या प्रचार वाहन से कराया जाय जिससे अधिक से अधिक किसान जागरूक हो सकें। साथ ही जनपद में मूली की फसल को बढ़ावा देने तथा किसानों को इसके उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने और जीआई टैग प्राप्त किये जाने हेतु प्रयास करने के निर्देश दिये।
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, मृदा नमूना एकत्रीकरण सहित कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गयी जहां उन्होंने भूमि संरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में जल संरक्षण दिशा में तेजी से कार्य किया जाय। जनपद के 8 ब्लॉक क्रिटिकल श्रेणी में हैं, इसलिये जल संरक्षण एवं भूजल स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाय। साथ ही उन्होंने इंटीग्रेटेड फार्मिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिये जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो, इसके लिये हर सम्भव प्रयास किये जायं तथा किसानों को बाजार की उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करायी जाय।
बैठक में उप कृषि निदेशक अश्वनी सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, डिप्टी पीडी आत्मा रमेश यादव सहित कृषि विभाग के तमाम अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
.jpg)






