3 दिन से अन्धेरे में रहने को मजबूर हैं ग्रामीण
विकास यादव/राकेश शर्मा
बक्शा, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड क्षेत्र के बीबीपुर सादनपुर गांव में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से ग्रामीण भीषण गर्मी और समस्याओं से जूझने को मजबूर हैं। गांव की प्रजापति-ब्राह्मण बस्ती के पास लगा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण पिछले 3 दिनों से जला पड़ा है। ऑनलाइन शिकायत और विभाग को लिखित सूचना देने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है जिससे बस्ती के लोग अंधेरे में रात बिताने को विवश हैं।
ग्रामीणों के अनुसार 10 केवीए के इस छोटे ट्रांसफार्मर पर दो दर्जन से अधिक कनेक्शन धारकों का भार है। क्षमता से अधिक लोड होने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है। ग्रामीण रामबली ने बताया कि जनवरी माह से लेकर अब तक दर्जनों बार ट्रांसफार्मर और उसका फ्यूज जल चुका है। विभाग के कर्मचारी आते हैं। मरम्मत के नाम पर अस्थाई काम करते हैं और इसके बदले पैसे भी ले जाते हैं लेकिन कुछ ही घंटों में स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। कई बार लिखित आवेदन देने के बाद भी ट्रांसफार्मर की क्षमता (लोड) नहीं बढ़ाई जा रही है।
वहीं ग्रामीण अरुण मिश्रा ने आक्रोश व्यक्त करते हुये कहा कि वे बिजली विभाग के चक्कर काटकर और शिकायतें दर्ज कराकर थक चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली न होने से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। गांव की महिलाओं का कहना है कि भीषण गर्मी और मच्छरों के प्रकोप के कारण बच्चे रात भर सो नहीं पाते हैं जिससे उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि समस्या का स्थाई समाधान हो सके।
.jpg)







