दो दिवसीय अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई स्थापना
सावन में जलाभिषेक के महत्व की दी जानकारी
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर के प्राचीन काली चौरा मंदिर में भगवान शिवलिंग की स्थापना को लेकर चल रहा दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान बुधवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। काशी और अयोध्या धाम से आए विद्वान आचार्यों सहित स्थानीय पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कराया। शिवलिंग स्थापना पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन कर आशीर्वाद लिया।
दो दिवसीय पूजन में काशी के शिव प्रकाश तिवारी, अयोध्या धाम के चंद्र देव पांडेय, शाहगंज के ओंकार मिश्रा, मोनू मिश्रा और बृजेश मिश्रा ने विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। मुख्य यजमान की भूमिका मंदिर की पुजारिन सुशीला देवी के पौत्र आदर्श माली ने निभाई। इस दौरान नगर के श्रद्धालुओं और नगरवासियों की उपस्थिति रही। मंदिर में भगवान शिवलिंग की विधिवत स्थापना के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मंगलकामना किया।
मंदिर की पुजारिन सुशीला देवी ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और श्रद्धालुओं का साधुवाद व्यक्त किया। वहीं काशी से आए शिव प्रकाश तिवारी ने सावन माह में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के धार्मिक महत्व और उससे मिलने वाले आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से सावन में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का पूजन एवं जलाभिषेक करने का आह्वान किया। अन्त में मोनू मिश्रा ने आयोजन की सफलता पर श्रद्धालुओं का आभार जताया।
.jpg)






