Jaunpur News: पूविवि में हुआ 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का कार्यक्रम

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: पूविवि में हुआ 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का कार्यक्रम




विरेन्द्र यादव/अजय विश्वकर्मा

सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की पहल 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) के तत्वावधान में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" के अन्तर्गत कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पूविवि की कुलपति उपस्थित रहीं जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलसचिव विनोद सिंह ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

गौरतलब है कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देश भर के लगभग 10,000 स्थानों को जोड़ते हुए तथा 1 करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुये किया। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में माय भारत वॉलंटियर्स, माय भारत एनएसएस वॉलंटियर्स एवं संस्थानों, माय भारत यूथ क्लब्स तथा देश भर के 125 से अधिक साझेदार संगठनों के युवा सदस्यों ने भागीदारी किया। जौनपुर में हुआ यह कार्यक्रम इसी राष्ट्रव्यापी शृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विवि परिसर में उपस्थित एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा माय भारत के वॉलंटियर्स के स्वागत के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन जनसंचार विभाग में पीएचडी शोधार्थी रक्षित प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में कुलपति ने मंच से उपस्थित सैकड़ों छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस एवं माय भारत वॉलंटियर्स को नशा मुक्त जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई।

जिला युवा अधिकारी तन्मय मोहन ने बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक निरंतर चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को जागरूकता रैलियों, खेल गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न वॉलंटियरिंग गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा लेकर सर्वाधिक युवाओं को अभियान से जोड़ने वाले उत्कृष्ट प्रतिभागियों को 50वें, 75वें एवं 100वें सप्ताह पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

एनसीसी कैडेट अदिति मिश्रा ने "नशा मुक्त युवा और विकसित भारत" विषय पर प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम संयोजक एवं नशा मुक्त परिसर एवं समाज अभियान के समन्वयक डॉ. मनोज पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्ष 2023 से विश्वविद्यालय द्वारा संचालित नशा मुक्त परिसर अभियान को सभी का निरंतर सहयोग मिल रहा है। राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने उपस्थित जनसमूह से स्वयं तथा अपने परिजनों का माई भारत पोर्टल पर ई-प्लेज एवं प्रमाण पत्र के लिए पंजीकरण कराने का आह्वान किया। अन्त में सभी अतिथियों, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित एनसीसी, एनएसएस एवं माय भारत के वॉलंटियर्स का आभार व्यक्त किया गया।


ads

ads

ads

ads

ads
ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!