चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील शाहगंज इकाई ने लेखपाल साथियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) द्वारा की जा रही कथित गलत एवं अनुचित ट्रैप कार्रवाई के विरोध में आंदोलन की घोषणा किया है। संघ ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी शाहगंज को पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
संघ की ओर से 21 अगस्त को दिए गए पत्र में कहा गया है कि फील्ड में कार्यरत लेखपाल साथियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई से पूरे लेखपाल संवर्ग में आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। संघ ने कहा कि लेखपाल ग्रामीण क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में शासन की योजनाओं एवं राजस्व संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते हैं। किसी निर्दोष कर्मचारी के विरुद्ध गलत अथवा सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई से उसके सेवाकाल, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।
पत्र में अयोध्या जिले की तहसील सोहावल में लेखपाल उदय दीप के साथ हुई घटना का भी उल्लेख किया गया है। संघ के अनुसार उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के अवलोकन में प्रथम दृष्टया रिश्वत की मांग किए जाने का कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आता है। संघ ने प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर लेखपाल के विरुद्ध की गई कार्रवाई को समाप्त करने तथा यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग किया है। संघ ने उपजिलाधिकारी से लेखपाल संवर्ग के लिए भयमुक्त एवं निष्पक्ष वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की मांग किया है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के पत्र के हवाले से बताया गया है कि प्रदेश की समस्त तहसीलों के लेखपाल साथी शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस का बहिष्कार करेंगे। लेखपाल अपने तहसील मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कथित अनुचित एवं दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में धरना देंगे। संघ ने तहसील प्रशासन से आंदोलन के संबंध में आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
.jpg)





