सावन भर चलेगा अखण्ड जाप, 28 अगस्त को होगा भण्डारा
बीके सिंह
सिरकोनी, जौनपुर। सावन माह में शिव भक्ति का अनूठा संगम कजगांव क्षेत्र के गोपीपुर गांव में देखने को मिल रहा है। बसावनतारा बगीचा स्थित पंचकुटी श्रीराम जानकी मंदिर में सावन के प्रथम दिन से ही 24 घंटे 'ओम नमः शिवाय' का अखंड मंत्रोच्चार किया जा रहा है। मंदिर के महंत बजरंग दास त्यागी ने बताया कि श्रद्धालु सुबह-शाम मंदिर में स्थापित शिवलिंग का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना कर रहे हैं। साथ ही 'ओम नमः शिवाय' के निरंतर जाप से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया है।
उन्होंने बताया कि गोपीपुर के साथ ही सलाखापुर, धनेजा, दुल्हेपुर आदि गांवों के महिला, पुरुष और बच्चे अपनी बारी से आकर इस पुण्य कार्य में सहयोग कर रहे हैं। ग्राम प्रधान आरती अखिलेद्र सिंह ने कहा कि यह आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार हो रहा है। इससे गांव में सुख-शांति, समृद्धि के साथ ही लोगों में सनातन धर्म के प्रति आस्था और बढ़ी है।
प्रधान जी ने बताया कि सावन माह के अंतिम सोमवार 28 अगस्त को विशाल भंडारे के साथ इस आयोजन का समापन किया जाएगा जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने में रामलीला समिति के प्रबंधक संतोष सिंह, जयनाथ सिंह, त्रिभुवन सिंह, रमेश सिंह, प्रधान सुनील निषाद, हंसराज चौबे, शिवशंकर सिंह, रविंद्र बहादुर सिंह, रंजय सिंह, अनिल सिंह मास्टर, प्रभाकर सिंह, राजेश चौबे, जगदीश सिंह, विपिन सिंह, संजू गुप्ता, राय साहब, संजय कुमार, भीम यादव, रजनीश चौबे सहित समस्त ग्रामवासी प्रमुख रहे।
.jpg)






