खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय नगर के वार्ड नंबर तीन निवासी एवं मेडिकल एजेंसी संचालक इखलाक की पुत्री आसमां इखलाक ने तीसरे प्रयास में नीट-यूजी 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस में प्रवेश का सपना पूरा कर लिया। घर पर रहकर ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से तैयारी करने वाली आसमां ने 720 में 569 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 24,200 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। आसमां ने तैयारी के दौरान आजमगढ़ से डी-फार्मा की पढ़ाई भी पूरी की। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मदरसा वालियुल उलूम खेतासराय में हुई। इसके बाद हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट की शिक्षा ईडन पब्लिक स्कूल इमरानगंज से प्राप्त किया।
आसमां ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाई-बहनों और गुरुजनों को देते हुए कहा कि परिवार का निरंतर सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उन्हें हमेशा मिलता रहा। उनका लक्ष्य एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। कठिन परिश्रम, धैर्य और ईमानदारी के साथ किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता। पिता इखलाक ने बताया कि आसमां शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। परिवार में शिक्षा का अच्छा माहौल है। बड़े पुत्र डॉ. अब्दुल्लाह एमबीबीएस के बाद एमडी कर चुके है, दूसरे पुत्र डॉ. मोहम्मद सलमान एमबीबीएस के बाद एमएस कर चुके है। पुत्री समा परवीन बीयूएमएस के बाद एमएस की पढ़ाई कर रही है जबकि चौथे पुत्र मोहम्मद उमर ने इसी सत्र में एमबीबीएस की इंटर्नशिप पूरी की है। परिवार की इस नई उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने आसमां और उनके परिजनों को बधाई दी।
.jpg)









