कजगांव, जौनपुर। जिले की नवगठित नगर पंचायत कचगांव के प्रथम अध्यक्ष फिरोज खान को नगर पंचायत में उत्कृष्ट विकास कार्यों और जनसेवा के लिये उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
बता दें कि नगर पंचायत कचगांव के गठन के बाद जनता ने कचगांव निवासी फिरोज खान को पहला अध्यक्ष चुना। नवगठित नगर पंचायत होने के कारण उनके सामने आधारभूत सुविधाओं के विकास की बड़ी चुनौती थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत, ईमानदारी और जनसहयोग के बल पर बिजली, पेयजल, सड़क, सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुये विकास कार्यों को गति दी। उनके कार्यकाल में नगर पंचायत ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
स्थानीय लोग फिरोज खान को उनके विकास कार्यों और जनसेवा के कारण "विकास पुरुष" के नाम से भी पहचानने लगे हैं। वह सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहते हैं और जरूरतमन्द परिवारों की शादी-विवाह से लेकर अंतिम संस्कार तक गोपनीय रूप से आर्थिक सहायता करते हैं।
लखनऊ में आयोजित "मुद्दों की महापंचायत" कार्यक्रम में प्रदेश भर के उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, नगर पंचायत अध्यक्षों और समाजसेवियों को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सम्मानित किया। फिरोज खान के सम्मानित होने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गयी और लोगों ने उन्हें बधाई देते हुये शुभकामना दिया। सम्मान प्राप्त करने के बाद फिरोज खान ने कहा कि ऐसे सम्मान से समाज सेवा के प्रति नई ऊर्जा मिलती है। आगे भी हम जरूरतमन्द लोगों की मदद करते रहेंगे। उन्होंने इस सम्मान के लिये उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं कार्यक्रम आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
.jpg)









