राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय पशु चिकित्सालय सोंधी में सोमवार को सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महबूब अहमद के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लम्बे और समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए सम्मानित किया। महबूब अहमद 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे। सोमवार को आयोजित विदाई समारोह में जब उन्हें स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, तो वे भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा कीं। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज ने कहा कि महबूब अहमद ने वर्षों तक पूरी ईमानदारी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। वे समाजसेवा के साथ-साथ पशुओं के प्रति भी हमेशा संवेदनशील और सजग रहे। उन्होंने उनके स्वस्थ सुखद व दीर्घायु जीवन की कामना की। समारोह में डॉ. संजय शर्मा, डॉ. जयराम गौतम, अरविन्द कुमार, विजय कुमार शर्मा, शोभित शर्मा, अश्वनी कुमार, भूपेंद्र कुमार, कैलाश, अरमान, हीरालाल यादव सहित चिकित्सालय के अन्य कर्मचारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.jpg)










