ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार और आजीविका की गारण्टी
पंकज बिन्द
महराजगंज, जौनपुर। विकसित भारत-गारण्टी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) 'वीबी-जी राम जी' का राष्ट्रीय स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम गुरुवार को विकास खंड महराजगंज की ग्राम सभा सवंसा में संपन्न हुआ। यह मिशन 1 जुलाई, 2026 से लागू हुआ जिसका मुख्य उद्देश्य 'हर गांव समृद्ध, हर हाथ को काम, हर परिवार का सम्मान' है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11:00 बजे मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष यादवेन्द्र प्रताप सिंह 'लवकुश' और भाजपा मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अनामिका सिंह ने की।इस अवसर पर मुख्य अतिथि यादवेन्द्र प्रताप सिंह 'लवकुश' ने कहा कि वीबी-जी राम जी मिशन प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करेगा। अब गांव का कोई भी युवा बेरोजगार नहीं रहेगा, क्योंकि सरकार रोजगार की गारंटी दे रही है। मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और पलायन रुकेगा। ग्राम प्रधान अनामिका सिंह ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस मिशन के तहत युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा और मनरेगा से जोड़कर स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में टेक्निकल असिस्टेंट निखिलेश यादव ने मिशन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों का चयन ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इंद्रजीत मौर्य सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं एवं युवा कार्यक्रम में उपस्थित रहे।ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मिशन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
.jpg)










