कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में देखा व सुना गया कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वाराणसी से आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ, विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रति विद्यार्थी रू. 1,200 की धनराशि अंतरण, शिक्षकों एवं संविदाकर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने हेतु स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू निष्पादन तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों के सम्मान समारोह का कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव ने कार्यक्रम का उद्घाटन फीता काट कर किया। राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा दिवेद्वी, नगर पालिका चेयरमैन मनोरमा मौर्या, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति, डा. अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के द्वारा फीता काटकर द्वीप प्रज्ज्वलित और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की गयी और सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी लिया गया। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अगंवस्त्र और पौधा प्रदान कर किया गया। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान में स्वागत गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग के 10 शिक्षकों, शिक्षामित्र, अनुदेशक, स्पेशल एजुकेटर और रसोइयों को एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग से 5 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, अनुदेशकों, शिक्षा मित्रों तथा शिक्षा विभाग से जुड़े अन्य कार्मिकों के कल्याण, सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को रू 5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आवश्यकता पड़ने पर शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को बेहतर और समयबद्ध उपचार प्राप्त हो सकेगा तथा स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में आर्थिक बोझ कम होगा।
राज्यसभा सांसद ने सभी का बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से लाखों शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, केजीबीवी के शिक्षक, विद्यालयों में कार्यरत रसोइये तथा उनके आश्रित गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा आज प्रदेश के विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी क्रय करने हेतु धनराशि हस्तांतरित की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति में करें तथा उन्हें निर्धारित वेशभूषा में नियमित रूप से विद्यालय भेजें।
उन्होंने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। इस अवसर पर उदपुर गेलवा के बच्चों द्वारा सरस्वती वन्दना प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन नुपुर श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री भाजपा पीयूष एवं स्कन्द पटेल, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला विद्यालय निरीक्षक, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

.jpg)










