Jaunpur News: जय जगन्नाथ' से गूंज उठा जौनपुर

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: जय जगन्नाथ' से गूंज उठा जौनपुर




भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ नगर पर निकले भगवान जगन्नाथ

शुभांशू जायसवाल/उमेश गुप्ता

जौनपुर। सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा नगर "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य दर्शन किये। शाही खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया तथा अपने हाथों से रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके पहले प्रातःकाल श्री जगन्नाथ धाम रासमंडल में भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के विग्रहों का षोडशोपचार पूजन डॉ. रजनीकांत द्विवेदी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। मुख्य यजमान डॉ. रजनीश श्रीवास्तव, डॉ. स्मिता श्रीवास्तव, सीए संजय गुप्ता एवं नीलिमा गुप्ता ने संयुक्त रूप से भगवान का पूजन-अर्चन एवं महाआरती किया। इसके उपरांत भगवान को शाही खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के पट खोल दिये गये।

सायंकाल भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं देवी सुभद्रा को भव्य रथ पर विराजमान करके ऐतिहासिक रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चन्द्र यादव मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य ट्रस्टी संतोष गुप्ता सहित अतिथियों ने भगवान की आरती उतारी, नारियल फोड़कर रथयात्रा का शुभारंभ किया।

रथयात्रा में महंत महेन्द्र दास त्यागी महाराज, श्याम मोहन अग्रवाल, अरुण त्रिपाठी, मनीष देव, निखिलेश सिंह, अनिल अस्थाना, रंजीत अग्रहरि, संजय पाठक, डॉ. एम.एम. वर्मा, डॉ. विकास रस्तोगी, शैलेंद्र मिश्रा, सरिता मिंगलानी, राजेश जावा, शिवशंकर साहू, नीरज श्रीवास्तव, संतोष मिश्रा, निशाकांत द्विवेदी, आशुतोष मिश्रा, प्रथमेश शुक्ला, अलका उपाध्याय, अवंतिका सिंह सहित जनपद के अनेक गणमान्य नागरिक एवं हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

भव्य रथयात्रा रासमंडल से प्रारंभ होकर मानिक चौक, राजा फाटक, सुतहट्टी चौराहा, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, ओलंदगंज, नवदुर्गा शिव मंदिर, सद्भावना पुल एवं शाही किला होते हुए पुनः जगन्नाथ धाम रासमंडल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर व्यापार मंडल, बोल बम कांवरिया संघ, अनाज व्यापार मंडल, स्वर्णकार समाज सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल जल एवं जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, जयघोष और आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।

अंत में रथयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह, महामंत्री शिवशंकर साहू एवं राजेश गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासन एवं नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने नगरवासियों से 19 जुलाई को आयोजित होने वाले विशाल कढ़ी-भात भंडारे में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया।

ads


ads


ads



ads

ads


ads


ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!