25 हजार के बदले मांगे 2 लाख, वीडियो वायरल करके लगायी सुरक्षा की गुहार
अजय पाण्डेय
जौनपुर। जनपद में सूदखोरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में बदलापुर क्षेत्र के असुआपार गांव का एक परिवार 25 हजार रुपये के कर्ज को लेकर सूदखोरों की धमकियों और मारपीट से दहशत में है। पीड़ित परिवार ने एक वीडियो वायरल कर पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार असुआपार निवासी विनोद निषाद ने कुछ महीने पहले अपनी आर्थिक तंगी के कारण ग्राम पूरालाल निवासी प्रतीक सिंह उर्फ श्यामू से 25 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिया था। आरोप है कि तय समय पर रुपये न चुका पाने के कारण सूदखोर द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है। विनोद ने वायरल वीडियो में बताया कि प्रतीक सिंह और उनके साथी रोजाना उनके घर आकर गाली-गलौज करते हैं और मारपीट करते हैं। यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उनके परिवार की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं।
सूदखोरों के डर से परिवार के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। घर में तोड़—फोड़ भी की गई है। भय के कारण परिवार घर छोड़ने को मजबूर हो गया है और इधर-उधर भटक रहा है।
पीड़ित ने बताया कि 25 हजार रुपये के कर्ज के बदले अब तक बैंक लोन और रिश्तेदारों के माध्यम से 65 हजार रुपये चुकाए जा चुके हैं। इसके बावजूद सूदखोर अब ब्याज जोड़कर 2 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर घर में आग लगाने की धमकी भी दी जा रही है।
पीड़ित विनोद ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग किया है। इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक आरोपी पक्ष का बयान नहीं मिल सका था। वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
.jpg)








