अमित शुक्ला
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। स्थानीय नगर पालिका परिषद प्रांगण में नगर पालिका अध्यक्ष कपिलमुनि ने नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद में 15वें वित्त आयोग निधि से लगभग 30 लाख रुपए की लागत से 3 नये स्टील टैंकर एवं नगर के साफ-सफाई तथा डोर टू डोर कूड़ा संग्रह कार्य हेतु दो मिनी टीपर का विधि-विधान से पूजन-अर्चन करके नारियल तोड़कर लोकार्पण किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर दिन—प्रतिदिन शासन के सहयोग से नगर के विकास के लिए कृत संकल्पित है। शासन द्वारा जो भी योजनाएं लागू की जा रही हैं, उनका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन का प्रयास किया जा रहा है। विकास की इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद द्वारा शुद्ध पेयजल एवं नगर की सफाई के लिए इन स्टील टैंकरो और कूड़ा उठान के लिए दोनों टीपरों को क्रय किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि इससे नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल और साफ-सफाई के कार्यों में काफी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी, राजस्व निरीक्षक रामानुज शुक्ला, कर अधीक्षक अवधेश प्रसाद, जलकल अभियन्ता ओम प्रकाश, लिपिक ज्ञान प्रकाश सहित नगर पालिका परिषद के सभासदगण एवं कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
.jpg)










