Jaunpur News: खेतासराय रेलवे स्टेशन की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News:  खेतासराय रेलवे स्टेशन की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश


ट्रेनों के ठहराव एवं बुनियादी सहूलियतों के लिये सौंपा गया ज्ञापन

राज्यमंत्री से मुलाकात करके परेशानियों से कराया गया रूबरू

राकेश शर्मा

खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर लगातार घटती यात्री सुविधाओं, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव बंद होने तथा टिकट काउंटर सहित अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की बदहाली को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों व व्यापारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। इसी सिलसिले में गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. गजेन्द्र पाण्डेय, मनीष गुप्ता (धर्मरक्षक) ने प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिश चंद्र यादव से डाक बंगले पर मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी को अवगत कराया कि खेतासराय रेलवे स्टेशन पर पूर्व में जिन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होता था, उनमें से कई ट्रेनों का स्टॉपेज समाप्त कर दिया गया है जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ रही है जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि स्टेशन पर टिकट काउंटर की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, प्रतीक्षालय, शौचालय तथा सुरक्षा जैसी बुनियादी सहूलियतों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।

वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. गजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि खेतासराय क्षेत्र की आबादी और यात्रियों की संख्या को देखते हुए यहां प्रमुख ट्रेनों का ठहराव बहाल किया जाना निहायत जरूरी है। रेलवे प्रशासन को आम जनमानस की जरूरतों और जनभावनाओं का एहतराम करते हुए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाना चाहिए।

मनीष गुप्ता (धर्मरक्षक) ने कहा कि रेलवे स्टेशन किसी भी क्षेत्र की तरक्की और आवागमन का अहम जरिया होता है। यदि यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं ही मयस्सर न हों तो यह बेहद अफसोसनाक स्थिति है। उन्होंने मांग किया कि टिकट काउंटर की संख्या बढ़ाई जाए तथा स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जायं।

राज्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि मामले को संबंधित विभाग एवं रेलवे अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों की इस पहल के बाद खेतासराय रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की बहाली तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय जनसमस्याओं एवं रेलवे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।




ads

ads

ads

ads

ads

ads
ads

ads 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!