Jaunpur News: मलमास मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: मलमास मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़


शिव धाम वेलवाई में दिन भर गूंज रहा हर-हर महादेव

चन्दन अग्रहरि

शाहगंज, जौनपुर। मलमास माह पर क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव धाम वेलवाई स्थित स्वयंभू भगवान भुवनेश्वरनाथ महादेव मंदिर में माहभर चलने वाले मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जौनपुर के अलावा सुल्तानपुर, आजमगढ़ और अंबेडकर नगर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।

मान्यता है कि शिव धाम वेलवाई में भगवान भुवनेश्वर नाथ महादेव स्वयं प्रकट हुए थे। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते प्रतिदिन सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहता है।

मलमास के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव को हलवा-पूरी सहित विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित कर रहे हैं। दर्शन-पूजन के बाद भक्त प्रसाद ग्रहण कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हैं। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का क्रम भी जारी है।

मंदिर परिसर के आस—पास लगे मेले में महिलाओं के श्रृंगार सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा कृषि कार्य से जुड़े विभिन्न सामानों की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। श्रद्धालु पूजा-अर्चना के बाद अपनी आवश्यकतानुसार सामानों की खरीदारी भी कर रहे हैं।

शिव धाम परिसर में भगवान शिव के अतिरिक्त बजरंगबली, शनि देव, मां अंबे सहित पोखरे के किनारे स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने हुए हैं। भक्त भगवान भुवनेश्वर महादेव के दर्शन के पश्चात इन मंदिरों में भी मत्था टेककर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

देव दीप उत्थान सेवा समिति के सचिव एवं पूर्व प्रधान दिलीप मोदनवाल ने बताया कि शिव धाम वेलवाई अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है। यहां भगवान भुवनेश्वर महादेव स्वयंभू रूप में विराजमान हैं। मलमास के पूरे माह तक चलने वाले इस मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचकर जलाभिषेक कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस मलमास के माह में भीषण गर्मी को देखते हुए शाहगंज के धर्मप्रेमी व समाजसेवी आनंद अग्रहरि ने मंदिर के गर्भगृह में एसी लगाने का पुनीत कार्य किया है जिस कार्य के लिए सभी श्रद्धालु तारीफ कर रहे हैं।



ads 


ads

ads

ads

ads

ads

ads
ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!