नहीं हुई दुल्हन की विदाई, लौटी बारात, परीजनों में मचा कोहराम
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के भदेठी गांव से गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव में बारात 26 जून को बारात गई थी डीजे पर डांस करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही भदेठी गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और दुल्हन की विदाई भी नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव निवासी पन्ना राजभर के यहां से उनके पुत्र भानू राजभर की बारात गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव गई थी। द्वार पूजा के दौरान डीजे पर नृत्य करने को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान भदेठी गांव निवासी सौरभ राजभर 24 वर्ष पुत्र राजेश राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शादी समारोह का माहौल पूरी तरह मातम में बदल गया। जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। हालात ऐसे बने कि दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट आई। मृतक के भाई की तहरीर पर गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एक नामजद आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
.jpg)









