Jaunpur News: विभागीय समीक्षा एवं जिलास्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: विभागीय समीक्षा एवं जिलास्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न


जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षा एवं जिलास्तरीय सतर्कता समिति की बैठक हुई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड, आईसीडीएस खाद्यान्न वितरण तथा अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राशन कार्डों में आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी की प्रगति का परीक्षण करते हुए अवशेष लाभार्थियों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने मृतक एवं विस्थापित लाभार्थियों के नाम पात्र गृहस्थी सूची से हटाने की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत माह अप्रैल से जून 2026 तक खाद्यान्न वितरण की स्थिति, निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही, रिक्त एवं निलंबित उचित दर दुकानों तथा अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन अभी तक नहीं हुआ है, वहां परिवहन योग्य मार्गों के समीप शीघ्र भूमि चिन्हांकन कराया जाए, ताकि बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जा सके। उन्होंने रिक्त एवं निलंबित उचित दर दुकानों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

सिंगल स्टेज डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने परिवहन ठेकेदारों को निर्देशित किया कि उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित जियोफेंसिंग स्थल पर ही खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। निर्देशों का पालन न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नोटिस जारी कर नियमानुसार आर्थिक दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जिला खाद्य विपणन अधिकारी को दिए गए। साथ ही खाद्यान्न प्राप्ति के उपरांत उचित दर विक्रेताओं को टी.डी. एवं तत्पट्टी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये गये।

बैठक में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं आईसीडीएस के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

अन्त में जिलापूर्ति अधिकारी ने जिलाधिकारी द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराए जाने का आश्वासन दिया, जिसके उपरांत बैठक हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिलापूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, नोडल उज्ज्वला योजना, समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, समिति के सदस्यगण, उचित दर विक्रेता संघ के प्रतिनिधि तथा सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार उपस्थित रहे।

ads


ads

ads 


ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!