जौनपुर। जनपद के लिये एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में विकास भवन को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अंतरराष्ट्रीय मानक ISO 9001:2015 के अनुरूप कार्य करने हेतु प्रमाणित किया गया है। स्वतंत्र मूल्यांकन संस्था द्वारा किए गए विस्तृत आकलन एवं निरीक्षण के उपरांत विकास भवन को यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्रदान किया गया। यह प्रमाणन विकास भवन में संचालित प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता, दक्षता तथा जनसेवाओं के सतत सुधार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त होने से यह सुनिश्चित होगा कि विकास भवन में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचें।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रमाणन जनपद प्रशासन के बेहतर कार्य-संस्कृति, सुशासन एवं गुणवत्ता आधारित सेवा प्रदायगी के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने तथा जनहितकारी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने भी इस उपलब्धि को विकास भवन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के मानकों का पालन करते हुए जनपद के विकास कार्यों को और अधिक गति एवं पारदर्शिता प्रदान की जायेगी।
.jpg)









