Jaunpur News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिये निर्देश

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिये निर्देश


चन्दन अग्रहरि

शाहगंज, जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में स्थानीय तहसील के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।

वहीं क्षेत्र के अंगुली निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह ने नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण को मुक्त कराने के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया जिस पर जिलाधिकारी ने डी0सी0 मनरेगा को जांच कर रिपोर्ट प्रस्ततु करने के निर्देश दिये। शाहगंज निवासी संतोष यादव ने टूटी नाली बनवाने के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया जिस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक शाहगंज को जांच कर अवगत कराने का निर्देश दिया। खुदौली निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने चकमार्ग खाते की भूमि को राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त उपस्थिति में पैमाईश के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया तो जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी शाहगंज को संयुक्त टीम द्वारा नियमानुसार प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिये। शांति यादव ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि विपक्षीगण उनके खाद के गडढे में घूर नहीं रखने दे रहे हैं जिस पर जिलाधिकारी ने तहसील शाहगंज को निर्देश दिया कि जांच कर नियमानुसार प्रकरण का निस्तारण करें। साथ ही जिलाधिकारी के समक्ष प्राप्त अन्य प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारीगण को अग्रसारित करते हुए निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलम्ब न होने पाये।

जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1 से 30 जून तक राजस्व संबंधी प्रकरणों का निस्तारण राजस्व विभाग के अधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों मौके पर जाकर अभियान के रूप में शिकायतों का निस्तारण करें। समाधान दिवस से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लेखपाल, कानूनगो एवं नायब तहसीलदार राजस्व संबंधी प्रकरणों को शीघ्र निस्तारण कराया जाए। ऐसे राजस्व सहित अन्य प्रकरण, जिनमें न्यायालय के आदेश के बावजूद कार्रवाई लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाय। गांववार सूची तैयार कर शिकायतो का पर प्रभावी कार्रवाई की जाय। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से विवादित मामलों का निस्तारण करायें।

उन्होंने आगे कहा कि न्यायालय के निर्देशों एवं आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाय। तहसीलों की साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहे। सभी तहसीलों में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का समाधान किया जाय। आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। जाति, आय सहित अन्य प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाय।

इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुये संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। इस दौरान कुल 167 शिकायती पत्र प्राप्त हुये जिसमें 16 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, उपजिलाधिकारी शाहगंज कुणाल गौरव, क्षेत्राधिकारी शाहगंज, तहसीलदार सौरभ कुमार सहित जिलास्तरीय अधिकारीगण, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। इसी प्रकार जनपद के अन्य तहसील में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।

ads

ads 


ads

ads

ads

ads


ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!