मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिये लड़ने वाले महान योद्धा को युगों तक लोग करेंगे याद: कृपाशंकर
कलेक्ट्रेट के प्रेक्षागृह में राजपूत सेवा समिति ने समाज के मेधावियों को किया सम्मानित
अजय पाण्डेय
जौनपुर। स्थानीय कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जयंती पर राजपूत सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित मेधावी प्रतिभा सम्मान का आयोजन हुआ। राजपूत समाज के आईएएस, पीसीएस में चयनित 11 मेधावियों के साथ यूपी बोर्ड में जनपद में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि बीर शिरोमणि महाराणा प्रताप अदम्य साहस और बीरता के प्रतीक थे। उन्होंने घास की रोटी खाई लेकिन मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं किया। वे देश के हर दिल में बसे है। उनके गौरव गाथा को दुनिया में लोग याद कर रहे है। महाराणा प्रताप ने जिस भारत का सपना देखा था, जिस भारत की वे कल्पना करते थे, आज फिर से वो भारत खड़ा हो गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि अदम्य साहस और बीरता के प्रतीक महाराणा प्रताप जी के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रयासों के लिए राजपूत समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले इस महान योद्धा को युगों युगों तक याद किया जाएगा। इसके पहले अतिथियों ने दीप प्रज्वलित करके महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम की शुरुआत किया। इसके बाद सलमान शेख की टीम ने गणेश वंदना के बाद महाराणा प्रताप जी के जीवन पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करके सभी को रोमांचित कर दिया।
समिति के सदस्य ओम प्रकाश सिंह ने स्वागत भाषण के साथ समित द्वारा समाज हित में किये जाने वाले कार्यों की जानकारी देते हुए महाराणा प्रताप पार्क के पास एक संग्रहालय हाल के निर्माण की बात कही। इसके बाद अतिथियों ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी अभिषेक सिंह, विशाल सिंह, राजिता सिंह, हिमालय सिंह, आदित्य सिंह, विनीत सिंह, किशन सिंह, प्रमय सिंह के साथ यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में जनपद में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र राजशेखर सिंह को सम्मान पत्र व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद डा. कृष्ण प्रताप सिंह, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, पूर्व विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, पूर्व चेयरमैन कमला सिंह सहित समिति के तमाम सदस्य आदि मौजूद रहे। संचालन शरद सिंह व आभार वरिष्ठ पत्रकार शशि मोहन सिंह क्षेम ने ज्ञापित किया।
पुलिस बूथ महाराणा प्रताप पार्क का हुआ उद्घाटन
कलीचाबाद में स्थित महाराणा प्रताप पार्क के पास शनिवार को पुलिस बूथ का उद्घाटन पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने फीता काटकर किया। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव व सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सीटी गोल्डी गुप्ता आईपीएस के साथ थाना प्रभारी लाइन बाजार व राजपूत सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
.jpg)











