सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के टिकरी गांव स्थित श्री संकट मोचन धाम का स्थापना दिवस वार्षिकोत्स के रूप में मनाया गया जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर अपने इष्ट का दर्शन पूजन किया। धाम के संस्थापक लालजी उपाध्याय ने बताया कि संकट को दूर करने वाले संकट मोचन बजरंग बली जी की मूर्ति की स्थापना 9 मई 2002 को वैदिक विधि विधान से की गई थी तभी से इस तिथि पर वार्षिक उत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। धाम के पुजारी राजू उपाध्याय ने बताया कि इस विशेष तिथि पर विद्वानों द्वारा भोर में ही मूर्ति का मंदार के पत्ते व फूल के माला से सुंदर श्रृंगार किया गया। घड़ी घंट गज के साथ मंगला आरती सम्पन्न हुई।
तत्पश्चात मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। श्रद्धालु बारी—बारी से दर्शन—पूजन कर प्रसाद चढ़ाये। इसके पहले शुक्रवार से ही धाम पर अखंड श्रीराम चरित मानस का पाठ प्रारंभ हुआ जिसका समापन शनिवार को यज्ञ पुण्य में हवन के साथ सम्पन्न हुआ। उसके बाद लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। धाम पर आयोजित विशाल भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, महामंत्री संदीप तिवारी, पूर्व सांसद डॉ कृष्ण प्रताप सिंह, परविंदर चौहान, पीयूष गुप्ता, डॉ देवी प्रसाद सिंह, राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त शिक्षक लल्लन उपाध्याय, पूर्व प्राचार्य डॉ समर बहादुर सिंह, डॉ संतोष तिवारी, राकेश मिश्रा, पूर्व प्रत्याशी सतीश सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम आयोजक भाजपा जिला कार्यसमिति के सदस्य जितेंद्र उपाध्याय, चंदन उपाध्याय एवं दिनेश उपाध्याय ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
.jpg)











