Jaunpur News: अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर जिलाधिकारी ने श्रमिकों को दी शुभकामनाएं

Aap Ki Ummid
follow us

  • श्रमिक शक्ति राष्ट्र निर्माण का आधार: डीएम

जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में निर्माणाधीन जिला कारागार रसैना जौनपुर में श्रमिकों के हितार्थ जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यरत श्रमिकों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा  लगभग 50 महिला एवं पुरूष श्रमिकों को अंगवस्त्रम एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए फल वितरित किया गया तथा बच्चों में चाकलेट का वितरण किया गया एवं आज के दिन श्रमिकों को कार्य से अवकाश प्रदान कराते हुए सार्वजनिक भोज की व्यवस्था कराई गई। जिलाधिकारी द्वारा समस्त श्रमिकों को श्रमिक दिवस पर बधाई एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक वर्ग राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मेहनत, समर्पण और पुरुषार्थ से ही देश के समग्र विकास को नई दिशा मिलती है। यह दिवस श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और उनके योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि जनपद जौनपुर में भी प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लोक निर्माण विभाग द्वारा जिला कारागार निर्माण कार्य के अंतर्गत, श्रमिकों के सहयोग एवं श्रम विभाग के सौजन्य से सम्पन्न हुआ।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण के क्षेत्र में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके बिना किसी भी विकास कार्य की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस युग में भी मानव श्रम का महत्व कम नहीं हुआ है, बल्कि यह हर कार्य की मूल आवश्यकता बना हुआ है।

उन्होंने प्रदेश सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में श्रमिकों के कल्याण हेतु अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। श्रमिकों के वेतन एवं मानदेय में वृद्धि के साथ-साथ उनके लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए जन्म से लेकर शिक्षा, पोषण एवं अन्य आवश्यकताओं तक की व्यापक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विशेष रूप से श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु प्रत्येक मंडल में आधुनिक तकनीक से युक्त विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षित कर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा भी श्रमिकों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे है। श्रमिक हमारे समाज और विकास की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम और समर्पण से ही निर्माण कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रत्येक श्रमिक तक पहुँचना चाहिए, इसके लिए सभी श्रमिकों को पंजीकरण अवश्य कराना चाहिए। साथ ही उन्होंने श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिक पंजीकरण कैंप एवं स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव द्वारा श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से श्रमिकों को अवगत कराते हुए श्रम विभाग में पंजीयन कराने की अपील की गई। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर, जेल अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण तथा श्रमिक उपस्थित रहे।


ads

 

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!