बढ़े मानदेय से खुश हुये अनुदेशक, जनपद में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
मो. शोहराब
जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े मानदेय वितरण समारोह” रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, विधायक मडियाहू डॉ0 आर.के. पटेल, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण और आमजन की उपस्थिति में लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखकर मुख्यमंत्री जी के संबोधन को सुना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री यादव ने अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े मानदेय के रू० 17,000 के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं अनुदेशकों के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अंशकालिक अनुदेशक के बढ़े मानदेय का स्वीकृति चेक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। अंशकालिक अनुदेशक विद्यालयों में अनवरत सेवाएं दे रहे थे जिसके परिणामस्वरूप उनका मानदेय बढ़ाकर रु० 17000 कर दिया गया है जिस पर उन्होंने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही बदलापुर विधायक रमेश चन्द्र मिश्र एवं मड़ियाहूं डा. आरके पटेल ने भी सभी अनुदेशकों को बधाई दिया।
इसके पहले समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन करके किया गया। इसके उपरांत जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालय गुतपुर गेलवा, उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरैनी, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामनगर सहित विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत करके सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता पर आधारित प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने तालियों बजाई।
वहीं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं शैक्षिक योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। स्टॉलों पर निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा, पुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। मुख्य अतिथि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय प्रयासों की सराहना करते हुये शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को प्रोत्साहित करने की बात कही।
समारोह में वंदना यादव, ज्योति श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, रविन्द्र यादव, नीलेश चतुर्वेदी, दीपक यादव, चन्द्रमणि मौर्य, अमर बहादुर यादव, पुष्पा देवी सहित अनेक अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए मानदेय के चेक वितरित किए गए। सम्मान प्राप्त करने वाले अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार एवं बेसिक शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में शिक्षकों एवं अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा जनपद प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अन्त में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अनुदेशकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की मंशानुरूप शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन बीईओ रमेश पटेल और नूपुर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। समारोह सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
.jpg)












