चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर गो तस्कर को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में थाना शाहगंज पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 12:04 बजे सबरहद से बारादरी जाने वाले मार्ग पर श्मशान घाट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. आलम पुत्र मो. इस्लाम निवासी बकूची थाना शाहगंज के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय, हेड कांस्टेबल जितेंद्र पांडेय, हेड कांस्टेबल तेज बहादुर यादव, कांस्टेबल सुनील यादव एवं कांस्टेबल अभिराम खरवार शामिल रहे।
.jpg)










