अरविन्द यादव
मीरगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव में बीती रात बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिसिया गश्त की पोल खोल दी। शातिर चोरों ने अवधेश तिवारी के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 26 लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। जाते-जाते चोरों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा।
जानकारी के मुताबिक वारदात रात करीब 2:30 बजे की है। अज्ञात चोरों का गिरोह छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। चोरों ने सबसे पहले सो रहे परिजनों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद इत्मीनान से उस कमरे का ताला तोड़ा जहां जेवरात और नकदी रखी थी। पीड़ित परिवार के अनुसार करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने व एक लाख रुपये नकद।
कुल 26 लाख रुपये की चोरी कर भाग रहे बदमाशों की आहट पाकर बरामदे में सो रही गृहस्वामी की वृद्ध मां की नींद खुल गई। उनके शोर मचाने पर अवधेश तिवारी ने साहस दिखाते हुए चोरों को दबोचने की कोशिश की और काफी दूर तक पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने तमंचे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज और जान के खतरे को देखते हुए पीछा कर रहे लोग ठिठक गये जिसका फायदा उठाकर चोर अंधेरे में गायब हो गये।
सुबह जब ग्रामीणों ने आस—पास के इलाके की तलाशी ली तो चकरोड पर एक जिंदा कारतूस पड़ा मिला। इससे यह स्पष्ट हो गया कि अपराधी अत्याधुनिक या अवैध हथियारों से लैस थे। घटना की सूचना पर पहुंची मीरगंज पुलिस ने मौके का मुआयना किया और कारतूस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
.jpg)











