सोनू गुप्ता
मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय तहसील परिसर में वाहन स्टैंड को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है जहां नीलामी अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध वसूली जारी थी। जानकारी के अनुसार 31 मार्च को वाहन स्टैंड की नीलामी अवधि खत्म हो चुकी थी लेकिन इसके बावजूद कुछ कर्मी वाहन खड़ा करने के नाम पर लोगों से जबरन पैसे वसूल रहे थे।
इसी दौरान एक फरियादी से स्टैंड कर्मियों ने न केवल पैसे की मांग की, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज भी की गई जिससे मामला और गरमा गया। पीड़ित ने पहले उपजिलाधिकारी से शिकायत की लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उसने तहसीलदार का दरवाजा खटखटाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार राकेश कुमार ने तुरंत नायब तहसीलदार अमित सरोज को मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचकर नायब तहसीलदार ने अवैध वसूली कर रहे कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें तत्काल वहां से हटवा दिया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीलामी अवधि समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार की वसूली पूरी तरह अवैध है। तहसीलदार ने जानकारी दी कि स्टैंड और दुकानों की नीलामी 31 मार्च को समाप्त हो चुकी है और नई नीलामी 10 अप्रैल को प्रस्तावित है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध वसूली करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से आम जनता को राहत मिली है और प्रशासन ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
.jpg)










