प्रियांशी मौर्या बनीं जिला टॉपर, सूची में आठवें स्थान पर
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। शोभावती देवी इंटर कॉलेज रघुनाथनगर घाटमपुर के छात्रों ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया और मेधावी छात्रों की सफलता पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इंटरमीडिएट की छात्रा प्रियांशी मौर्या ने 457 अंक (91.4 प्रतिशत) प्राप्त कर जिले में आठवां स्थान तथा विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय की टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं दीपिका यादव ने 427 अंक (85.4 प्रतिशत) के साथ द्वितीय तथा शीतल दुबे ने 421 अंक (84.9 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
हाईस्कूल में निधि गौरव ने 550 अंक (91.66 प्रतिशत) प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। हर्षित मिश्रा 545 अंक (90.83 प्रतिशत) के साथ द्वितीय तथा लाडली 544 अंक (90.66 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। मेधावी छात्रों की इस सफलता से क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जे.पी. दुबे ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह परिणाम है जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने सभी सफल छात्रों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य अलख निरंजन पाण्डेय ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। विद्यालय को अपने छात्रों पर गर्व है और आशा है कि वे आगे भी इसी तरह विद्यालय व जनपद का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए इस उपलब्धि को पूरे संस्थान के लिए गौरव का क्षण बताया।
.jpg)











