शिवरिहां के नवचण्डी पाठ एवं भव्य भण्डारा से वातावरण हुआ भक्तिमय
तमाम हस्तियों ने ग्रहण किया प्रसाद, श्रद्धा एवं सेवा का दिखा अनुपम संगम
अजय पाण्डेय/तरूण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। यह आयोजन केवल पूजा मात्र नहीं है, बल्कि यह व्यक्तिगत प्रयासों से क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना जगाने का एक माध्यम भी है। भण्डारे के माध्यम से 'सेवा ही परमो धर्म:' के संकल्प को दोहराया जाता है। परिवार सहित ग्रामवासी निस्वार्थ भाव से आगंतुकों की सेवा करते हैं जिससे सामुदायिक सहयोग की भावना सुदृढ़ होती है। शिवरिहां का यह नवचण्डी पाठ और भण्डारा सुजानगंज क्षेत्र की धार्मिक पहचान बन चुका है जहाँ श्रद्धा और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिलता है। उक्त बातें स्थानीय क्षेत्र के शिवरिहा गांव में स्थित शिव मन्दिर के प्रांगण में आयोजित नवचण्डी दुर्गा पाठ के समापन पर आयोजित भव्य भण्डारे में प्रसाद वितरण के दौरान पन्ना लाल जायसवाल संरक्षक अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा ने कही।
इसके पहले मन्दिर प्रांगण में नवचण्डी दुर्गा पाठ के साथ महामंत्र जाप हुआ जिसके बाद हवन के साथ पाठ के समापन पर महाप्रसाद का वितरण हुआ। उक्त अवसर पर आये लोगों का स्वागत अमरचन्द्र जायसवाल एवं राजेश जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया। वहीं आयोजक/वरिष्ठ समाजसेवी पन्ना लाल जायसवाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कौशिल्या देवी बैजनाथ जायसवाल मैना देवी शेर बहादुर सिंह महाविद्यालय भीमपुर के अध्यक्ष श्री जायसवाल ने आगे कहा कि उनके आवास पर आयोजित नवचण्डी दुर्गा पाठ एवं भव्य भण्डारा क्षेत्र के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केन्द्र है, बल्कि क्षेत्रीय एकजुटता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बन चुका है।
श्री जायसवाल ने बताया कि आयोजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नवचण्डी महायज्ञ और दुर्गा पाठ से होती है। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना की जाती है। इस पाठ का उद्देश्य क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करना होता है। अनुष्ठान के दौरान पूरा शिवरिहां सहित आस—पास का क्षेत्र "जय माता दी" के जयकारों से गुंजायमान रहता है। मन्दिर सजावट और माता रानी का दरबार विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा जहां तमाम लोगों ने दर्शन—पूजन भी किया। इसके बाद शाम को भण्डारे में गांव सहित अगल—बगल के कई गांवों, बाजारों, कस्बों, तहसीलों, जनपदों के लोगों ने आकर प्रसाद ग्रहण किया।
उक्त अवसर पर अमर चन्द्र जायसवाल, राजेश जायसवाल, रमाशंकर सिंह, चन्दन जायसवाल, ब्लाक प्रमुख श्रीप्रकाश शुक्ला, अशोक जायसवाल, रोहित कुमार, संदीप जायसवाल, प्रयागराज के लक्ष्मण जायसवाल, बिजेन्द्र जायसवाल सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
.jpg)












